आज सुबह फिर से SMS-2 के कनवर्ट 3 में ब्लास्ट हुआ है।

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में एक और हादसा हुआ है। आज सुबह फिर से SMS-2 के कनवर्ट 3 में ब्लास्ट हुआ है। इस हादसे में पिघले हुए लोहे के छीटे कर्मचारियों के ऊपर गिर गए जिससे कई कर्मचारी घायल हो गए है। इसमें एक बीएसपी कर्मी और दो ठेका कर्मी हैं। तीनों को सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 3 बजे भिलाई इस्पात संयंत्र (Bhilai Steel Plant) के SMS-2 में काम चल रहा था। यहां कनवर्ट -3 में पिघले हुए लोहे को शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान वहां ब्लास्ट हो गया। इससे मानसिंह ठाकुर (58) और ठेका कर्मचारी गिरि कुमार और भूषण लाल झुलस गए।
तीनों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों का इलाज बर्न वार्ड में चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी 15-20 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
बीएसपी प्रबंधन ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद बीएसपी प्रबंधन में हड़कंप मच गया और SMS-2 में हुई घटना की जांच का आदेश दे दिया गया है। वहीं जांच में बीएसपी के अधिकारी जुटे हुए हैं। बीएसपी के कर्मचारी यूनियन के नेता अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए हैं। जख्मी कर्मचारी और ठेका मजदूरों का हालचाल लिया जा रहा है।
दो दिन पहले एक कर्मी की मौत
दो दिन पहले ही ब्लास्ट फर्नेस-7 के एसजीपी में भी हादसा हुआ था। इसमें एक ठेका मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 90 प्रतिशत झुलसे दूसरे मजदूर परमेश्वर का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज चल रहा है।