Maharashtra Political Crisis: 40 बागी विधायकों के साथ असम पहुंचे शिंदे, आज दोपहर 1 बजे कैबिनेट बैठक

नई दिल्ली : महाराष्ट्र में उद्धव सरकार पर मंडरा रहे खतरे के बीच मंत्री एकनाथ शिंदे 40 विधायकों के साथ गुजरात के सूरत से असम के गुवहाटी पहुंच गए हैं। शिंदे ने शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार के खिलाफ विद्रोह कर दिया है। शिंदे के विद्रोह के बाद महाराष्ट्र में सियासत तेज हो गई है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से आज दोपहर एक बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है।
इससे पहले मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पार्टी के शीर्ष नेताओं एवं विधायकों संग बैठक की थी। शिवसेना नीत महा विकास अघाडी (एमवीए) सरकार को सोमवार को उस समय झटका लगा, जब महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उसे हार मिली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस भी एमवीए का हिस्सा हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस हार के बाद शिंदे और शिवसेना के कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। वे गुजरात के सूरत शहर में एक होटल में डेरा डाले हुए थे। इस बीच, शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे ने मंगलवार को एक बैठक की, जिसमें पार्टी नेता एवं विधानसभा के सदस्य सुनील कदम, दादा भूसे एवं नीलम गोरहे, सांसद अरविंद सावंत एवं विनायक राउत, विधान परिषद की सदस्य मनीषा कायंदे और अन्य नेता मौजूद थे।
इससे पहले, शिवसेना के नेता एवं सांसद संजय राउत ने कहा कि शिंदे मुंबई में नहीं हैं, लेकिन उनसे संवाद हो गया है। राउत ने जोर देकर कहा कि शिवसेना वफादारों की पार्टी है और मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह, एमवीए सरकार को गिराने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शिंदे शिवसेना के एक भरोसेमंद नेता हैं और ‘गायब’ विधायकों से पार्टी का संपर्क हो जाने के बाद ये विधायक वापस आ जाएंगे।