प्रदेश में 48 घंटे से बिलासपुर सबसे गर्म, चुभने लगी धूप

ब्यूरो चीफ विपुल मिश्रा
बिलासपुर : प्रदेश में 48 घंटे से बिलासपुर का नाम सबसे गर्म शहरों में अंकित है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि जारी है। धूप अब चुभने लगी है। शाम ढलने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। घरों में एसी, कूलर और पंखा चलाना पड़ रहा है।
मौसम में हुए अचानक इस परिवर्तन का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
शहर में ठंड लगभग गायब हो चुकी है। दिन के साथ रात में भी गर्मी का अहसास होने लगा है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण पूर्वी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी अहसास होने लगा है। अगले तीन से चार दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है। फरवरी माह के प्रथम पखवाड़े में गर्मी लगातार नए रिकार्ड बना रहा है।