टोक्यो पहुंचे पीएम मोदी का जोरदार स्वागत, ‘भारत मां का शेर आया’ लगे नारे

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचते ही भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। पीएम के सम्मान में ‘भारत मां का शेर आया’ के नारे लगाए गए। इस दौरान यहां पर बच्चे भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने बच्चों से बात की और उन्हें अपना आशीर्वाद भी दिया।
भारतीय मूल के लोगों ने कहा जापान में पीएम मोदी का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। उनकी ऊर्जा संक्रामक है…उन्होंने हमें हर जगह गौरवान्वित किया है।
पीएम मोदी कल यानी 24 मई मंगलवार को क्वाड समिट में शामिल होंगे। जापान के पीएम फुमिओ किशिदा के निमंत्रण पर पीएम मोदी जापान पहुंचे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के दौरान पीएम मोदी का जापान दौरा अहम माना जा रहा है।
जापान पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया कि टोक्यो पहुंच गया। इस यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिसमें क्वाड समिट, साथी क्वाड लीडर्स से मिलना, जापानी बिजनेस लीडर्स और जीवंत भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करना शामिल है।
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने दिनों से ही मुझे जापानी लोगों के साथ नियमित रूप से बातचीत करने का अवसर मिला है। जापान की विकासात्मक प्रगति हमेशा प्रशंसनीय रही है। जापान बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्टार्ट-अप और अन्य सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत की भागीदारी कर रहा है।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि जापान के भारतीय समुदाय ने विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी योगदान दिया है। वे भारत में भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। मैं जापान में भारतीय मूल के लोगों को गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद देता हूं।
Post Views:
6